तीजा में सजी धरसींवा: संस्कृति और नारी शक्ति का उल्लास

धरसींवा में भव्य और सांस्कृतिक रंगों से सजे जिला स्तरीय तीज मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लिया। कार्यक्रम की मुख्य विशेषता थी छत्तीसगढ़ी संस्कृति, गीत-संगीत और महिला सशक्तिकरण को समर्पित भाव।

इस अवसर पर धरसींवा विधानसभा के विधायक श्री अनुज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा-तीजा पर्व केवल व्रत का दिन नहीं, यह छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति की आस्था, परंपरा और आत्मबल का उत्सव है। यह पर्व हमारे सामाजिक ताने-बाने को मजबूत करता है और हमारी समृद्ध संस्कृति का जीवंत उदाहरण है।

समारोह में महिलाओं ने हरियाली तीज, गीत, नृत्य, फैंसी ड्रेस, मेहंदी, राखी सजावट जैसी अनेक प्रतियोगिताओं में भाग लिया। कार्यक्रम स्थल को पारंपरिक झूले, बंदनवार और फूलों की सजावट से सुसज्जित किया गया था, जिससे संपूर्ण वातावरण उत्सवमय हो गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पंथी नृत्य, सुवा गीत, राउत नाचा सहित लोकगीतों की प्रस्तुति ने समां बांध दिया। महिलाओं ने पारंपरिक साड़ी, लुगड़ा, और गहनों में सजकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम में उपस्थित अन्य जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी तीजा पर्व की सामाजिक और सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को एकजुट करने और सांस्कृतिक पहचान को संजोने में अहम भूमिका निभाते हैं।

प्रतियोगिता में विजयी महिलाओं को शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि वे आगे भी ऐसे आयोजनों को हर गांव और ब्लॉक स्तर तक ले जाने का प्रयास करेंगे ताकि हमारी लोक परंपराएं आने वाली पीढ़ियों तक जीवित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
Account
Cart
Search
NewsAnalysis