नियमितीकरण समेत 10 सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले 22 दिनों से आंदोलन कर रहे राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के 500 से अधिक कर्मचारियों ने सोमवार को सरगुजा सीएमएचओ को सामूहिक इस्तीफा सौंप दिया। राज्य शासन ने आंदोलनकारी कर्मियों को तत्काल काम पर लौटने की चेतावनी दी है। इसी बीच, आंदोलन में शामिल NHM कर्मचारी संघ के 25 नेताओं को बर्खास्त कर दिया गया।

विरोध स्वरूप डॉक्टर, नर्स, टेक्नीशियन और अन्य कर्मचारियों ने सम्मानपूर्वक रोटी का हक मांगते हुए इस्तीफा देकर प्रदर्शन तेज कर दिया है।कर्मचारियों का कहना है कि वे कई साल से सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन समान काम करने के बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारियों की तरह वेतन, भत्ता और सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। प्रदेश सरकार द्वारा बर्खास्तगी की चेतावनी और काम पर लौटने के आदेश के बाद अब पूरे प्रदेश में NHM कर्मियों ने सामूहिक इस्तीफा देना शुरू कर दिया है।